नरेन्द्रनगर (टिहरी)आंदोलनरत कर्मचारियों ने बिजली,पानी और स्वास्थ्य सेवाएं की ठप्प
नरेंद्र नगर। विगत 2 मार्च से पदोन्नति में विरोध सहित 3 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलनरत जनरल-ओबीसी एंप्लाइज कर्मचारियों ने बिजली, पानी और स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सेवाओं को ठप्प करने का ऐलान कर दिया है।
रोज की भांति आंदोलनरत कर्मचारी पुराने कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित हुए और प्रांतीय संगठन के आह्वान तथा आंदोलन की रणनीति के तहत कर्मचारियों ने बाजार के मुख्य मार्गों में रैली निकाली और जमकर सरकार विरोधी नारेबाजी की ।
कर्मचारियों के प्रमुख नारों में "अभी तो दिल्ली हारी है,अब उत्तराखंड की बारी है"
" कोर्ट का फैसला जब जारी है-
त्रिवेंद्र तेरी क्या लाचारी है"
जैसे नारों को लगाकर आंदोलनरत कर्मचारियों में नया जोश और उत्साह पैदा कर रहे थे।
बैनर के साथ बाजार के मुख्य मार्गों से होता हुआ कर्मचारियों का रेला नंदी बैल, पंत चौराहे से तहसील होते हुए पुराने कलेक्ट्रेट मैदान में पहुंचा जहाँ यह जुलूस एक सभा में तब्दील हो गया।
सभा को संबोधित करते हुए संघ के प्रांतीय संयोजक वीरेंद्र सिंह गुसाईं ने आंदोलन की रूपरेखा बताते हुए कहा कि आगामी 17 मार्च को जनपद मुख्यालयों में विशाल रैली निकाली जाएगी और सरकार तब भी ना चेती तो 22 मार्च को प्रदेश भर के जिलों से कर्मचारी देहरादून राजधानी पहुंचकर मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करेंगे और सरकार का पुतला आग के हवाले करने के साथ ही आंदोलन स्थल पर अग्रिम रणनीति आंदोलन की घोषित की जायेगी। बिजली, पानी और स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सेवाओं के ठप होने से आमजन की परेशानियां बढ़नी स्वाभाविक है,कर्मचारियों की हड़ताल में जाने से दफ्तरों में सन्नाटा छा गया है।काम की गरज से दफ्तरों में आ रहे आम जनता को बैरंग लौटने को मजबूर होना पड़ रहा है।
सरकार कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी करती है तो आमजन की समस्याएं और अधिक बढ़नी स्वाभाविक हैं।
आंदोलनरत कर्मचारियों की सभा को तहसील संयोजक दीवान सिंह रावत,अध्यक्ष गंगा प्रसाद डोभाल, सचिव रमेश चंद्र भट्ट ,कोषाध्यक्ष हेमंत पुरोहित ,अरविंद कंडारी, गजेंद्र सिंह चौहान ,अनीता उनियाल ,आनंद मोहन भट्ट, सरिता डोभाल आदि ने संबोधित किया।
रिपोट राजेन्द्र गुसाई